बीकेटीसी अध्यक्ष के साथ बदरीनाथ में हुई कर्मचारियों की बैठक
आश्वासन पर बीकेटीसी अस्थायी कर्मियों ने स्थगित किया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अस्थायी कर्मचारियों का दो सप्ताह से चल रहा आंदोलन मंगलवार को स्थगित हो गया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ बैठक के बाद संयुक्त कर्मचारी संघ ने यह निर्णय लिया। कहा गया कि मांगों के संबंध में उप समिति गठित की गई है। यह समिति 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी।
बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारी वन टाइम सेटलमेंट सहित अन्य मांगों के लिए दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को बदरीनाथ में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई। हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 24 अक्तूबर को ऋषिकेश में अस्थायी कर्मियों की मांगों के लिए लेकर उप समिति गठित की गई है। बीकेटीसी के दोनों उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती व विजय कपरवाण की अध्यक्षता में गठित यह समिति कमेटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। कहा कि अस्थायी कर्मचारियों की भावनाओं के अनुरूप उचित व समयबद्ध समाधान किया जाएगा। बैठक में सहमति के बाद धरना स्थल पर पहुंचकर बीकेटीसी अध्यक्ष ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बीकेटीसी व शासन के स्तर पर प्रक्रिया विचाराधीन है। इसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी मांगों पर जल्द उचित व बेहतर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूरी, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, बीकेटीसी वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया, राकेश भंडारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, अमित बंदोलिया, इंदु देवी, योगिता चौहान, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।