ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय सेंज में शनिवार से ताला लटका है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभाग से की, जिस पर संकुल समन्वयक शिव सिंह नेगी ने मंगलवार को स्कूल का निरीक्षण किया था जिसमें शिकायत सही मिली। इसके बावजूद विद्यालय बुधवार को भी नहीं खुला। मजबूरी में बच्चों को घर पर ही रहना पड़ा। उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्राम प्रधान दीपा देवी, अशोक सिंह, भवान सिंह, शूरवीर सिंह आदि का कहना है कि सड़क से सटे विद्यालयों में बच्चे नहीं होने के बावजूद विभाग ने दो से अधिक शिक्षकों को तैनात किया है, लेकिन दुर्गम स्कूलों में जहां छात्र संख्या 20 से अधिक है वहां अवकाश न होने के बावजूद विद्यालय नहीं खुल रहे हैं।
ऐसे में ग्रामीण शिक्षा पटरी से उतर रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि यदि जल्दी स्कूल में शिक्षक भेजकर पठन पाठन नहीं किया जाता तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जोशी ने कहा कि मामले को संजीदगी से नहीं लेने पर शिक्षकों के साथ-साथ संबधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
बीईओ वीपीएस बिष्ट के अनुसार विद्यालय में राप्रावि डोंठला से शिक्षक को भेजा गया था, लेकिन डोंठला से सीआरसी दिनेश टम्टा ने कहा कि उक्त शिक्षक पहले से अवकाश पर था। हालांकि संबंधित डाक विद्यालय को भेज दी थी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) आरपी डंडरियाल का कहना है कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।