कर्णप्रयाग। राबाइंका में बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्राओं और संसद में आंबेडकर जयंती पर हुई भाषण प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्रा महक अंसारी को सम्मानित किया गया। साथ ही डाक विभाग की ओर से आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में राज्य में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली अनुष्का भंडारी को डाक विभाग की ओर से पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रधानाचार्य संगीता बिजल्वाण ने बताया कि इस दौरान जरूरतमंद छात्राओं को विद्यालय की ओर से गणवेश और जूते आदि दिए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि सभासद मनोज पुंडीर, संजीदा बेगम, हीरा देवी, सावित्री देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
जल संरक्षण पर जागरूकता बढ़ाने पर हुआ कार्यक्रम
गौचर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जल संरक्षण पखवाड़ा के तहत यहां क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएलएड प्रशिक्षुओं को जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षुओं में सामान्य ज्ञान, विज्ञान एवं समसामयिक विषयों के प्रति समझ बनाने के लिए आठ-आठ प्रशिक्षुओं को प्रत्येक समूह में शामिल किया गया। सामान्य अध्ययन, विज्ञान, खेल, करंट अफेयर्स, ऑडियो और विजुअल के माध्यम से आयोजित प्रतियोगिता छह राउंड में हुई जिसमें पांचवें ग्रुप के अंशुमान, कविता, देवेंद्र, सक्षम, राहुल, मनीष, जयदीप व अंशिका के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे ग्रुप के रवींद्र, कीर्ति, आकांक्षा, ऋतु, राहुल, देवेंद्र, जय मिलन, और सुमन द्वितीय स्थान पाने में सफल रहे। कार्यक्रम का संचालन मृणाल जोशी ने किया। संवाद