जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बुधवार को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि आगामी श्राद्ध पक्ष में बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या में इजाफा होगा। लिहाजा यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई आदि की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखें। कहा कि गौचर और मंडल चेक पोस्ट पर तीर्थयात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था शुरू करें।
बैठक में डीएम ने एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास), एनएच, लोनिवि और बीआरओ के अधिकारियों को बरसात में भूस्खलन से टूटी सड़कों का शीघ्र सुधारीकरण कार्य करें। उन्होंने जल संस्थान को बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब व यात्रा पड़ावों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुंड-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे पर गौचर और मंडल चेक पोस्ट पर तीर्थयात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए कहा गया। जिला पूर्ति अधिकारी को सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल, पेट्रोल और दुकानों में खाद्यान्न स्टॉक सुनिश्चित करने को कहा गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।