फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamoli News: आग की लपटों के बीच रातभर डटे रहे, जलने से बचाया गांव और स्कूल

Thu, 28 May 2026 07:00 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली
विज्ञापन
गोपेश्वर के समीप जंगल की आग बुझाने में जुटे पिलंग गांव के ग्रामीण। स्रोत: वन विभाग
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

पिलंग-सैकोट के जंगल में भड़की भीषण आग पहुंची आबादी तक
वन विभाग और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी आग
वन संरक्षक ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के पिलंग और सैकोट गांव के जंगल में बुधवार रात भीषण आग लगने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें गांव और स्कूल के नजदीक तक पहुंच गई। खतरे को देखते हुए ग्रामीण पूरी रात जागते रहे और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर जान जोखिम में डालकर आग बुझाते रहे। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
बुधवार अपराह्न करीब दो बजे क्षेत्र के चीड़ के जंगल में आग लगी और देखते ही देखते विकराल हो गई। गोपेश्वर-पोखरी सड़क के निचले हिस्से से होते हुए आग सैकोट और पिलंग गांव की ओर बढ़ने लगी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेंजर भरत सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। 11 फायर वाचर और छह वन कर्मी देर रात तक आग बुझाने में जुट गए और रात करीब 11 बजे आग काफी हद तक नियंत्रित कर ली गई। मगर रात करीब 12 बजे तेज हवा के कारण जंगल में आग दोबारा भड़क उठी। आग की तेज लपटें गांव की ओर बढ़ती देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पिलंग गांव के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में महिलाएं और युवा भी जंगल पहुंच गए। ग्रामीण और वन कर्मी रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। आखिरकार सुबह आग बुझ गई तो लोगों ने राहत की सांस ली। आग बुझाने में अंजलि, प्रमिला, राधा, प्रियंका, अनीता, सुनीता, रजत, सार्थक, प्रशांत, अतुल और दिव्यांशु आदि मौजूद रहे। वहीं वनाग्नि की गंभीरता को देखते हुए नंदा देवी बायोस्फियर रिजर्व के वन संरक्षक एवं निदेशक पंकज कुमार भी प्रभावित क्षेत्र में पहुंच गए और मौके का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जंगलों में आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन



इंसेट-
सड़क किनारे खड़ी कार जली
गोपेश्वर। बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे गाेपेश्वर के पटियालधार में नर्सिंग कॉलेज मार्ग पर चीड़ के जंगल में आग भड़क गई। यहां सड़क किनारे करीब 40 वाहन पार्किंग में खड़े थे। नगर पालिका सभासद दीपक बिष्ट ने इसकी सूचना वन विभाग और अग्निशमन विभाग को दी। आग की चपेट में आने से एक कार जल गई जबकि अन्य वाहनों तक भी आग पहुंचने लगी थी। तभी कुछ लोगों ने अपने वाहन यहां से निकाल दिए। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाई। वहीं अलकनंदा वन प्रभाग की डीएफओ प्रियंका सुंडली भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वनों में आग लगाने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद

जंगल की आग बुझाने नहीं गए तो होगा चालान
गोपेश्वर। वन महकमे ने जंगलों में लगी आग बुझाने में सहायता न करने वाले ग्रामीणों का भी चालान करने का निर्णय लिया है। बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश दुबे ने बताया कि वन अधिनियम (उत्तरांचल संशोधन) 2001 के तहत जंगल में आग लगने पर संबंधित गांव के लोग यदि आग को शुरुआती समय में बुझाने का प्रयास नहीं करते हैं तो उनका चालान किया जाएगा। ऐसी लापरवाही पर एक साल की सजा और 2000 रुपये के जुर्माने का प्राविधान भी है। वन कर्मियों के साथ ग्रामीणों की ओर से आग बुझाने में सहायता की जाती है तो काफी हद तक आग की घटनाओं को रोका जा सकता है। संवाद

फोटो
ग्रामीण और वन विभाग के प्रयास के बाद भी नहीं बुझ रही आग
कर्णप्रयाग/जिलासू। जंगलों में वनाग्नि थमने का नाम नहीं ले रही है। गांवों के कई जंगल पिछले कई दिनों से धधक रहे हैं। वन विभाग और ग्रामीण लगातार आग बुझाने में जुटे हैं फिर भी आग काबू नहीं आ पा रही है। ब्लॉक के खाल्यों ग्वाड़, अगोथ, गैंथी, खरसाई, दुआ आदि के जंगल तीन-चार दिनों से लगातार जल रहे हैं। बरतोली की ग्राम प्रधान बीरा देवी ने बताया कि इतनी आग जंगलों में पहली बार लगी है जिससे कई हेक्टेयर वन संपदा जल गई है। आग चीड़ से लेकर बांज के जंगलों को नष्ट कर चुकी है। वहीं लंगासू से लगे नंदप्रयाग रेंज के स्वर्का सहित आसपास के जंगल बुधवार रात को धधकते रहे। यहां बांज के जंगलों तक आग पहुंच गई। संवाद
विज्ञापन


फोटो
झमाझम बारिश से आग बुझी, काफी हद तक मिली राहत
गोपेश्वर। चमोली जनपद में बीते कई दिनों से धधक रहे जंगलों की आग पर बृहस्पतिवार को हुई बारिश ने काफी हद तक काबू पा लिया। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवा के साथ ऊंचाई वाले इलाकों के साथ-साथ निचले क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। बारिश से पोखरी, नंदानगर, गोपेश्वर और पीपलकोटी क्षेत्र के अधिकांश जंगलों में लगी आग बुझ गई है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से जंगलों में आग न लगाने की अपील की है। संवाद

गोपेश्वर के समीप जंगल की आग बुझाने में जुटे पिलंग गांव के ग्रामीण। स्रोत: वन विभाग

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें