बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गडोरा गांव के समीप एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया है।
बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम साढ़े सात बजे गडोरा गांव निवासी भागचंद हटवाल का पुत्र रोहन (16 वर्षीय) साइकिल से पीपलकोटी से गडोरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही सूमो ने साइकिल को टक्कर मार दी।
रोहन सड़क पर ही साइकिल से दूर छिटक गया जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आधे घंटे के बाद मौके से पैदल गुजर रहे ग्रामीणों ने लहूलुहान हालत में रोहन को देखा और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।
रोहन को जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा था, लेकिन हालत नाजुक होने से उसने बिरही के पास ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर चमोली थाना पुलिस ने वाहन चालक को रात करीब 12 बजे वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
हाईवे पर आवाजाही में खतरा
बदरीनाथ हाईवे पर गडोरा गांव के समीप इन दिनों बीआरओ की ओर से हाईवे सुधार का काम चल रहा है, जिससे यहां आवाजाही में खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी अयोध्या हटवाल का कहना है कि यहां बीआरओ ने हाईवे के चौड़ीकरण के बाद मिट्टी को ज्यों का त्यों हाईवे पर छोड़ दिया है, जिससे यहां वाहनों के चलने पर धूल उड़ रही है। साथ ही वाहनों की तेज रफ्तार से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।