सात फरवरी को जिस महिला ने ऋषि गंगा की त्रासदी से अपने बेटे के साथ ही 25 अन्य साथियों की जान बचाई, उसे यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सपा की ओर से पांच लाख रुपये से सम्मानित करने का एलान किया है। उन्होंने इसकी जानकारी एक ट्वीट से दी है। साथ ही उन्होंने यूपी सरकार से इस हादसे में लापता प्रदेश के निवासियों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की।
सात फरवरी को तपोवन के समीप ढाक गांव का विपुल तपोवन परियोजना के बैराज में काम कर रहा था। तभी दूर से ही धौली गंगा में सैलाब आते देख मंगसीरी देवी ने बैराज में काम कर रहे अपने बेटे विपुल को फोन पर इसकी जानकारी दी। तभी विपुल ने बैराज से भागते हुए अन्य 25 साथियों को भी बैराज की पहाड़ी से भागने के लिए कहा, जिससे वे सही-सलामत बच निकले। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगसीरी देवी की तारीफ कर उन्हें समाजवादी पार्टी की ओर से पांच लाख रुपये से सम्मानित करने का एलान किया। उन्होंने शनिवार को इस संबंध में ट्वीट किया है।