ज्योतिर्मठ। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सेना और गुरुद्वारे के सेवादर बर्फ हटाकर रास्ता बनाने में जुटे हुए हैं। टीम अटलाकोटी हिमखंड को काटकर आगे बढ़ गई है। इसके बाद करीब डेढ़ किमी मार्ग से बर्फ हटाना शेष रह गया है। हालांकि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में मौसम बदलने और बर्फबारी होने से कार्य प्रभावित हुआ है लेकिन जिस गति से रास्ता तैयार किया जा रहा है उसे देखते हुए जल्दी टीम हेमकुंड साहिब तक पहुंच जाएगी।
हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के लिए 418 इंडिपेंडेंट फील्ड नौवीं माउंटेन ब्रिगेड और गुरुद्वारे के सेवादार कुछ दिन पहले रवाना हुए थे। टीम मार्ग के सबसे बड़े अवरोधक अटलाकोटी हिमखंड को काटकर आगे बढ़ चुकी है। अब वहां से हेमकुंड साहिब की दूरी मात्र डेढ़ किमी रह गई है। जल्द टीम हेमकुंड साहिब में पहुंच जाएगी।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि सेना के जवान और गुरुद्वारे के सेवादार विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हो रही है, उसके बाद भी आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम जारी है। जल्द ही आस्था पथ से बर्फ हटा ली जाएगी।