पोखरी ब्लाक के कुमेड़ा गांव में शराब पीने और पिलाने पर संबंधित परिवार के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया। सोमवार को हुई ग्राम पंचायत की खुली बैठक में यह निर्णय लिया गया। साथ ही ग्रामीणों ने गांव में स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान देने पर सहमति जताई।
ग्राम प्रधान चंद्रमोहन सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी समारोह में शराब नहीं परोसी जाएगी। यदि किसी परिवार की ओर से शराब परोसी गई तो परिवार का और गांव में कोई व्यक्ति शराब के नशे में मिला तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। गांव में जुआ खेलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया। योग युक्त, नशा मुक्त अभियान के संयोजक डा. दर्शन सिंह नेगी ने कहा कि शराब और जुए के प्रचलन को रोकने में जन सहभागिता बेहद जरूरी है। इस मौके पर उप प्रधान बसंती देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष उमा देवी, त्रिलोक सिंह नेगी, धरम सिंह रावत, जीतपाल सिंह कंडारी मौजूद थे।