उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन ने औली में आशा के अनुरूप बर्फबारी न होने पर 12 फरवरी से प्रस्तावित राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग चैंपियनशिप की तिथि में परिवर्तन कर दिया है। अब गेम्स 20 से 23 फरवरी तक होंगे।
रविवार को औली में बर्फबारी होने से आगामी 12 फरवरी से शुरू होने वाली राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप की आस जगी थी लेकिन सोमवार को खिली चटख धूप के बाद बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है। इसे देखते हुए सोमवार को देहरादून में समिति की बैठक हुई।
बैठक में विशेषज्ञों ने चैंपियनशिप के लिए आवश्यक बर्फबारी न होने की बात कही, जिसके बाद आयोजन समिति ने मौसम विभाग के 18 से 22 तक बर्फबारी होने के पूर्वानुमान के आधार पर चैंपियनशिप का आयोजन 20 से 23 फरवरी तक करने का निर्णय लिया है।
वहीं, पर्याप्त बर्फबारी न हो से आईटीबीपी के पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान के गेम्स की तिथि भी अभी तक निर्धारित नहीं हो पाई है। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस पांगती ने कहा कि मौसम विभाग की ओर से 18 से 22 फरवरी के बीच बर्फबारी का पूर्वानुमान दिया गया है। इसकी के आधार पर तिथियों में फेरबदल किया गया है।