जोशीमठ में पेट्रोल पंप मार्ग पर विकास कार्य को लेकर नगर पालिका की ओर से दिए गए ज्यादा इस्टीमेट पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी जोशीमठ का जवाब तलब कर कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जिस कार्य का आगणन पालिका ने उपलब्ध कराया है, उससे कम धनराशि में लोनिवि की ओर से यह कार्य किया जा रहा है।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने नगर निकायों को पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन लाभार्थियों को 80 प्रतिशत धनराशि का भुगतान किया जा चुका है उनके आवास इस जनवरी महीने में पूरा कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा संबंधित अधिशासी अधिकारी के वेतन पर रोक लगाई जाएगी। ठंड के सीजन को देखते हुए डीएम ने सभी निकायों के प्रमुख स्थलों पर अनिवार्य रूप से शाम 6 बजे से अलाव जलाने और प्रतिदिन की रिपोर्ट तलब की। नगर पालिका जोशीमठ को औली में भी अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने नगर में बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक निकाय में 200 बंदर पकड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से धनराशि दी जाएगी।