कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम, मॉनीटरिंग और जिलेभर के ब्लाकों से आ रही सूचनाओं के संकलन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सात वार रूम स्थापित किए हैं। यहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केके सिंह ने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने और बाहर से जिले में पहुंच रहे लोगों की सूचनाओं को यथाशीघ्र संकलित कर वार रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि वार रूम में क्लीनिकल डेस्क, क्वारंटीन डेस्क, प्रशिक्षण डेस्क, सूचना डेस्क, इपीडोमोलॉजी (महामारी विज्ञान) डेस्क और सूचना डेस्क स्थापित की गई है। डेस्कों के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती, डा. उमा रावत और उदय सिंह रावत को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण का अभी तक जिले में कोई मरीज नहीं है। लिहाजा बचाव के सभी उपाय किए जा रहे हैं।