फिट इंडिया के तहत पहली बार धाम में हुआ संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। केंद्र सरकार के स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) की ओर से रविवार को फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ धाम में संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल यात्रा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बदरीनाथ धाम में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ रावल अमरनाथ नंबूदरी ने किया। साइकिल यात्रा बदरीनाथ धाम से शुरू होकर देश के प्रथम गांव माणा तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में साइकिलिस्टों ने प्रतिभाग किया। आयोजनकर्ता अजय भट्ट ने बताया कि सीमांत हिमालयी क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य फिट इंडिया की पहल को सीमांत गांवों तक पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। हिमालय की ऊंचाइयों से दिया गया फिटनेस का यह संदेश सीमांत क्षेत्र के गांवों में नई ऊर्जा, पहचान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल है।