गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आयोजन की तैयारियों का जायजा लेते विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र और अन्य।
- फोटो : amar ujala.
विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचकर प्रस्तावित विधानसभा सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सत्र आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। नवंबर माह के पहले हफ्ते मेें सत्र के आयोजन की संभावना जताई जा रही है।
भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन, विधायक और अफसर आवास, सीएम आवास सहित अन्य निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। सरकार द्वारा इस विधानसभा का अंतिम सत्र भराड़ीसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने भराड़ीसैंण पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निर्माण कार्य कर रही वीकेजे (विनोद कुमार जैन) कंपनी के प्रबंधक नरेंद्र लखचौरा ने बताया कि 60 विधायक आवास पूरी तरह बनकर तैयार हैं, जबकि अधिकारियों के 60 आवासों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं।
वीआईपी और वीवीआईपी के 18 आवास भी पूर्ण रूप से तैयार हो चुके हैं। बताया कि सभी विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के लिए आवासीय व्यवस्था विधानसभा परिसर में ही की जाएगी। विधानसभा सत्र का आयोजन नवनिर्मित विधानसभा भवन में ही किए जाने की तैयारी है। इस मौके पर विधानसभा के व्यवस्थापक राकेश पाल भी मौजूद थे।