तमक नाले में आई आपदा में लापता हो गया था बीआरओ कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। तमक नाले में आई आपदा की चपेट में आने से लापता बीआरओ के हवलदार पंकज की तलाश के लिए अत्याधुनिक रडार तकनीकी का सहारा लिया जा रहा है। साथ ही सर्च टीमें अन्य उपकरणों की मदद से भी कर्मी की खोज में जुटे हुए हैं।
10 अगस्त को तमक नाले के उफान पर आने से बीआरओ का चालक हवलदार पंकज लापता हो गया था। उसके बाद से कर्मी की तलाश की जा रही है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, बीआरओ, सेना सहित अन्य रेस्क्यू टीमें निरंतर तलाश कर रही हैं। तीन पोकलेन मशीनें, दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग भी लगाए गए हैं। ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा जीपीआर (ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार), सर्च एंड डिटेक्शन उपकरणों की भी मदद ली जा रही है। नाले के आगे नदी किनारे भी लगातार सर्च अभियान चल रहा है। फिलहाल अभी लापता कर्मी का कुछ पता नहीं चल पाया है। आपदा में भारी मात्रा में मिट्टी-पत्थर व बोल्डर आए थे। इससे नदी का तल उबड़-खाबड़ हो रखा है। जिला प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। संवाद