ग्राम पंचायत डिम्मर के विद्यापीठ बस्ती, सैंण, भभराड़ी आदि गांवों में लगातार अनियमित बिजली आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिमली में ऊर्जा निगम के एसडीओ का घेराव किया। उन्होंने जल्द गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। उन्होंने कहा यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ऊर्जा निगम कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप डिमरी और ग्राम प्रधान डिम्मर राखी डिमरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के एसडीओ का घेराव किया। ग्रामीणों ने कहा कि एक वर्ष से विद्यापीठ बस्ती, सैंण, भभराड़ी, टोंड आदि गांवों में अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या बनी है। बिजली न होने से उपभोक्ताओं और स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बिजली सुचारु करने और अलग बिजली लाइन निर्माण की मांग की गई लेकिन मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। ऊर्जा निगम के एसडीओ उमेश शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ग्राम पंचायत डिम्मर के गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय कर्मियों को शीघ्र बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर हर्षवर्द्धन डिमरी, प्रणवेंद्र प्रसाद डिमरी, रविंद्र खंडूड़ी, बीएन डिमरी, जयदीप गैरोला, शंकर लाल, जयपाल लाल, जीपी डिमरी, महेश प्रसाद डिमरी, संतोष डिमरी, विजय राम डिमरी और हरीश चंद्र आदि मौजूद थे।