पिछले पांच दिनों से राजकीय महाविद्यालय जोशीमठ में स्थायी प्राचार्य व प्रवक्ताओं की तैनाती सहित विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन कर रहे विश्व विद्यालय प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह बुटोला और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंशुल भुजवाण ने अपना अनशन स्थगित कर दिया है। जोशीमठ के एसडीएम योगेंद्र सिंह ने दोनों अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
छात्रों के आंदोलन को देखते हुए उप निदेशक उच्च शिक्षा डा. पीके पाठक ने गोपेश्वर पीजी कॉलेज के प्राचार्य को भेजे फैक्स में शीघ्र जोशीमठ महाविद्यालय में रसायन विज्ञान और जंतु विज्ञान में प्रवक्ताओं की तैनाती के निर्देश दिए हैं। साथ ही महाविद्यालय में अक्तूबर माह के पहले सप्ताह तक स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति का भी आश्वासन दिया गया।
एसडीएम योगेंद्र सिंह ने कहा कि डीएम के निर्देश पर महाविद्यालय की भूमि हस्तांतरण संबंधी कार्यों को अक्तूबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। अनशन तुड़वाने के बाद प्रशासन ने दोनों अनशनकारी छात्रों को सीएचसी जोशीमठ में भर्ती कराया। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष गजेंद्र रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, ठाकुर सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह कुंवर, अतुल सती, रमेश चंद्र सती, मीना डिमरी, विक्रम भुजवाण, हर्षवर्द्धन नेगी, छात्र ओम प्रकाश, जयदीप, संगीता, पूजा, ज्योति, मांडवी, रमेश, अरविंद सिंह, राजीव, मनोज सिंह, दिगंबर, ज्योत्सना आदि मौजूद थे।
अनशनकारी छात्र ने किया अपने को चोटिल
जोशीमठ। सुबह जोशीमठ एसडीएम योगेंद्र सिंह महाविद्यालय में पहुंचे, तो वार्ता के दौरान ही सभी मांगें पूरी करने की मांग पर अनशनकारी छात्र लक्ष्मण बुटोला ने लोहे के शटर पर सिर पटक कर अपने को चोटिल करने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस उसे रोक पाई।