भराड़ीसैंण में हुआ हाफ मैराथन का आयोजन
उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से 269 धावकों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी के भराड़ीसैंण में फ्रैंडस क्लब और आरके जेएसएनएसएन मेमोरियल इंटर कॉलेज की ओर से हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। 21 किमी की दौड़ में पुरुष वर्ग में देवाल के सौरभ सिंह और महिला वर्ग में लोहाघाट की साधना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजकों की ओर से प्रथम विजेता को 11 हजार रुपये, द्वितीय को 9 हजार रुपये और तृतीय को 7 हजार रुपये और ट्रैक सूट दिए गए। मैराथन में विभिन्न जिलों के महिला वर्ग में 73 और पुरुष वर्ग में 196 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को आयोजित हाफ मैराथन का शुभारंभ सुबह नौ बजे भराड़ीसैंण हेलिपैड से हरी झंडी दिखाकर किया गया। मैराथन में प्रतिभागियों ने भराड़ीसैंण से दिवालीखाल और दिवालीखाल से ढोलबजाण होते हुए वापस हेलिपैड तक 21 किमी की दूरी तय की। पुरुष वर्ग में देवाल के सौरभ सिंह ने मात्र एक घंटे ग्यारह मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं देघाट के दिनेश चंद्र ने दूसरा और हल्द्वानी के डमुवाढूंगा निवासी लोकेश कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में लोहाघाट की साधना ने एक घंटे 29 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। गोपेश्वर की दीया रावत ने दूसरा और नंदप्रयाग की दीप शिखा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आयोजक ममता नेगी ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अनुशासन की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी रावत, भाजपा नेता जगदीश बहुगुणा, जिपंस कामेश्वरी देवी व अनीता रावत, थानाध्यक्ष मनोज सिरोला, डिप्टी रेंजर अवतार सिंह रावत, पूर्व प्रमुख शशि शौरियाल, एचपी गैस प्रबंधक हरीश रावत, प्रकाश रावत, ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी आदि मौजूद रहे।
इंसेट
नौ साल के हर्षित ने भी लगाई दौड़
गैरसैंण। मैराथन में मरोड़ा निवासी नौ साल के हर्षित ने दो घंटे 16 मिनट में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र में मैराथन पूरी करने पर उन्हें 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, स्मृति चिह्न एवं ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। संवाद