गोपेश्वर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारी।
- फोटो : GOPESHWAR
जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों की बैठक लेते हुए जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित और बाह्य सहायतित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि दिसंबर महीने तक प्रस्तावित योजनाओं का कार्य पूरा कर शत प्रतिशत व्यय करना सुनिश्चित करें। वहीं बैठक से अनुपस्थित रहने पर खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी और रेशम विभाग अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन योजनाओं का कार्य पूरा हो गया है उनका तत्काल भुगतान किया जाए और विभागों में शेष द्वितीय किश्त की धनराशि को पूर्ण खर्च किया जाए। जिन विभागों ने कार्य निर्माणदायी संस्था को दिए हैं उनकी वह स्वयं निगरानी करें, जिससे काम को समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।
बैठक में जिला कार्यक्रम एवं बाल विकास अधिकारी को नंदा गौरा योजना का शिविर लगाकर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसपी कुड़ियाल, पीडी प्रकाश रावत, डीडीओ सुमन राणा, एसीएमओ डा. एमएस खाती, अर्थ एवं संख्याधिकारी आनंद सिंह जंगपांगी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।