जोशीमठ पिछड़ा क्षेत्र का शासनादेश जारी करने की मांग पर सीएम का पुतला फूंकते जनप्रतिनिधि।
- फोटो : Amar Ujala
जोशीमठ को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। रविवार को जहां सलूड़ गांव के ग्रामीणों ने तहसील परिसर में धरना दिया। वहीं, पैनखंडा संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने मुख्य चौराहे पर सीएम हरीश रावत का पुतला फूंक, प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की गई।
जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता ने प्रदेश सरकार से शीघ्र जोशीमठ को पिछड़ा क्षेत्र का शासनादेश जारी करने की मांग उठाई है। कहा गया कि अगर जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। आंदोलन को यूकेडी ने भी अपना समर्थन दिया है।
जिला पंचायत सदस्य बाटुला वार्ड देवेंद्र सिंह नेगी, पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश सती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भवन सिंह कुंवर और सलूड़ गांव के ग्राम प्रधान भजन लाल ने कहा कि जोशीमठ विकास खंड के गांव विकास की दौड़ में पिछड़े हुए हैं।
पिछड़ा क्षेत्र घोषित होने से जनता को लाभ मिलेगा। कहा गया कि जब तक शासनादेश जारी नहीं हो जाता आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर यूकेडी के अध्यक्ष बच्चीराम उनियाल, जय प्रकाश भट्ट, बीना देवी, चंद्रशेखर, रीना, सुनीता, भगवती देवी, शकुंतला देवी आदि मौजूद थे।