20 को रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोलने की प्रक्रिया हुई शुरू
दो दिनों तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी जाएगी डोली
संवाद न्यूज एजेंसी-
गोपेश्वर। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को रुद्रनाथ भगवान की विग्रह मूर्ति गोपीनाथ मंदिर से परिसर में विराजमान हो गई है। दो दिनों तक डोली यहां श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी जाएगी। 20 मई को ब्रह्ममुहुर्त में विधि-विधान से रुद्रनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
सोमवार को गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजाएं आयोजित हुईं। इस दौरान भक्तों के बम-बम भोले के जयकाराें से गोपेश्वर गुंजायमान हो उठा। 17 को रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली गोपीनाथ मंदिर से प्रस्थान कर रात्रि प्रवास के लिए ल्वींठी बुग्याल पहुंचेगी। 18 को पनार बुग्याल और 19 को डोली रुद्रनाथ मंदिर पहुंचेगी और 20 का विधि-विधान से रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। हंस फाउंडेशन की ओर से गोपीनाथ मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया है। भंडारा दो दिन तक आयोजित होगा।
इस मौके पर रुद्रनाथ के पुजारी जनार्दन तिवारी, हरीश भट्ट, आशुतोष भट्ट, गोपाल भट्ट, क्रांति भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित, लखपत नेगी आदि मौजूद रहे।