जिले का मुख्य पर्यटन और धार्मिक स्थल वेदनी के लिए रोपवे निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 3 मई 2015 को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वाण में वेदनी तक रोपवे निर्माण की घोषणा की थी। इसके आधार पर रोपवे निर्माण की सर्वे के लिए पहुंची टीम ने ग्रामीणों से बैठक कर सर्वे का काम पूरा किया। टीम के सदस्यों का कहना है कि जल्द ही सर्वे रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।
वाण के रड़कधार से वेदनी के लिए ढाई किमी की रोपवे बनाए जाने की मांग लगातार हो रही थी। मुख्यमंत्री हरीश रावत के घोषणा के अनुपालन ने शुक्रवार को वाण गांव पहुंची सर्वे कंपनी ऊषा ब्रेकओ के अनिल रावत, अजय बिष्ट, विधायक डॉ. जीतराम की मौजूदगी में रड़धार में ग्रामीणों के साथ बैठक संपन्न हुई। इसमें रोपवे बनाने के लिए भूमि चयन की गई। विधायक डॉ. जीतराम ने बताया कि सीएम की घोषणा के अनुरूप कार्य शुरू कर दिया गया है। वाण गांव के दो किमी दूर रड़कधार से वेदनी तक रोपवे बनेगी। बताया कि वाण को आयुष गांव बनाने की प्रक्रिया चल रही है। गांव के पास की 100 नाली भूमि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
बैठक में ग्रामीणों ने हाईस्कूल वाण का उच्चीकरण, लाटू मंदिर का सुंदरीकरण करने की मांग की। इस अवसर पर प्रधान खीमी राम, चमोली जिला सहकारी बैंक के निदेशक महावीर बिष्ट, हीरा सिंह पहाड़ी, ममंद अध्यक्ष धामती देवी, रघुवीर सिंह, बलवीर सिंह, गब्बर सिंह आदि ने भाग लिया।