आपदा के नौ दिन बाद भी गांव में स्थिति नहीं हो पाई सामान्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बंड क्षेत्र के जैंसाल गांव में आपदा के नौ दिन बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। गांव के पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त पड़े हैं जबकि पेयजल लाइनें तहस-नहस हैं। जल संस्थान की ओर से रबड़ के पाइप लगाकर पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। गांव में कई मकानों का मलबा अभी तक नहीं हटा है।
13 अगस्त की रात को हुई अतिवृष्टि से जैंसाल गांव में भारी नुकसान हुआ है। चंद्रमणी कुलसारी व रविंद्र के घरों में मलबा घुसने के साथ ही शौचालय ध्वस्त पड़े हैं। संतोष कुलसारी, सुभाष कुलसारी, महेंद्र सिंह, बहादुर सिंह और महेश के घर में मलबा घुसा है, जबकि दुर्गा प्रसाद, रविंद्र, चंद्रमणि कुलसारी और पुरुषोत्तम जैंसाली के शौचालय मलबे में दबे हैं। सत्यप्रसाद पुरोहित, रविंद्र सिंह, सुरेश चंद्र की गोशालों में भी मलबा घुसा है। अन्य ग्रामीणों के घरों को आंशिक क्षति पहुंची है। शौचालय बह जाने से लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में दो पैदल पुल और तीन डाट पुलिया बह गई हैं, जिससे आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। कई हेक्टेयर कृषि भूमि के साथ ही सिंचाई नहर भी तहस-नहस हो गई है। गांव की पेयजल लाइनें भी टूटी हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि गांव में राहत किट वितरित कर दिए गए हैं। गांव में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पीपलकोटी के प्रभावितों को जोशीमठ आपदा के मानकों पर मिले मुआवजा
गोपेश्वर। बंड विकास संगठन ने क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा जोशीमठ व केदारनाथ आपदा के मानकों के तहत देने की मांग उठाई। संगठन के प्रतिनिधियों ने मांग को लेकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बंड विकास संगठन से जुड़े लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. अमित सैनी से भेंटकर उन्हें बंड क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान के बारे में बताया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को हुई अतिवृष्टि से नगर पंचायत पीपलकोटी के अलावा ग्राम पंचायत सल्ला रैतोली, कम्यार, चातोली-किरूली, ल्वांह, दिगोली, महरगांव, बिरही, दुर्गापुर, हाट, जैसाल, मठझड़ेता, बेमरू, गुनियाला, स्यूंण, लुदाऊ सहित अन्य गांवों में भारी नुकसान हुआ है। संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र मेंं सात दिन भ्रमण किया, जिसमें पता चला कि क्षेत्र में 12 से अधिक मकान ध्वस्त हुए हैं। कई घरों, गोशालाओं, होटल व दुकानों में मलबा घुसा है। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, अयोध्या हटवाल, अतुल शाह, हरिदर्शन रावत, भुवन शाह, हरीश पुरोहित, विजय प्रसाद मलासी, मनोज कुमार, अनिल जोशी आदि शामिल रहे।