गोपेश्वर बाईपास मार्ग एक बारिश से ही धंसा। बीस दिन पूर्व किया था विधायक राजेंद्र भंडारी ने मार्ग का उदघाटन।
- फोटो : Amar Ujala
जिस बाईपास मोटर मार्ग का बीस दिन पहले लोकार्पण हुआ था, वह पहली ही बारिश नहीं झेल पाया। बारिश से सड़क 1.75 किमी धंस गई है, जिससे यहां यात्रा वाहनों का संचालन भी खतरे से खाली नहीं है।
25 लाख 78 हजार की लागत से बने बाईपास का करीब बीस दिन पहले ही विधायक राजेंद्र भंडारी ने लोकार्पण किया था। बदरीनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों के वाहनों के साथ ही कर्णप्रयाग की ओर से आने वाले वाहनों को गोपेश्वर नगर क्षेत्र के बजाय बाईपास मार्ग से निकालने के लिए लोनिवि ने इस बाईपास मार्ग का निर्माण कराया, लेकिन 17 जून को हुई बारिश से यह सड़क दो जगहों पर धंस गई है।
जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि सड़क पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी इसके धंसने और पुस्ते टूटने से साफ है कि इसके निर्माण में अनियमितता बरती गई है। सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इधर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता जीएस पांगती का कहना है कि जिन स्थानों पर पुस्ते क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां जल्द ही पुस्तों का निर्माण होगा और सड़क का सुधारीकरण कार्य किया जाएगा।