ऐरठा गांव के लोगों ने डीएम से की मामले में कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। ऐरठा गांव के लिए स्वीकृत 8 किमी ऐरठा सड़क का काम पदमल्ला गांव के ग्रामीणों के विरोध के कारण अटका है। तीन साल पहले सड़क की स्वीकृति मिलने के बाद अब वन अधिनियम की स्वीकृति के लिए फाइल बननी थी लेकिन पदमल्ला के कुछ ग्रामीणों ने सड़क के लिए अपनी नाप भूमि देने से मना कर दिया। अब ऐरठा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द मामले में कार्रवाई करने की मांग की।
ऐरठा में अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं जिसकी आबादी करीब 375 से अधिक है। यहां के लोग लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे हैं। ऐरठा के ग्रामीण राजेंद्र राम, लालू राम, नंदन राम, खड़क राम, खिलाप राम ने बताया कि बरसात में पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से इस गांव का संपर्क कटा रहता है। लगातार मांग के बाद वर्ष 2021 में आठ किमी पदमल्ला-ऐरठा सड़क की प्रारंभिक स्वीकृति मिली। लोनिवि की ओर से किए गए सर्वे पर एलाइनमेंट स्वीकृत करते हुए पिलर भी लगा दिए लेकिन पदमल्ला के कुछ ग्रामीणों ने अपनी भूमि देने से इन्कार कर दिया। लोनिवि थराली के सहायक अभियंता जगदीश टम्टा का कहना है कि पदमल्ला के ग्रामीणों से इस संबंध में बातचीत चल रही है। शीघ्र कोई हल निकलने की संभावना है।