गढ़वाल सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी ने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत बन रहीं सड़कें पूर्ण रूप से केंद्र पोषित हैं। इन सड़कों के निर्माण में लेट-लतीफी और मानकों की अनदेखी पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक लेते हुए सांसद खंडूड़ी ने कहा कि सड़क जनता के लिए मूलभूत सुविधा है। पीएमजीएसवाई के तहत बन रहीं सड़कों पर गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की मांग के अनुरूप अधिकाधिक सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजना सुनिश्चित करें। वन भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर रुकी सड़कों के मामलों को शीघ्र निपटाया जाए। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि इस वर्ष सड़कों के 17 प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं, जिनको मंजूरी नहीं मिल पाई है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 85 फीसदी शौचालयों का निर्माण हो चुका है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शौचालय निर्मित होने के बाद स्वजल की ओर से काश्तकार को धनराशि समय पर न दिए जाने की बात कही, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र धन आवंटन के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी शाह ने जिले में एडीबी की ओर से बन रही सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस मौके पर दशोली प्रमुख प्रमिला सजवाण, ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह, नारायणबगड़ की प्रमुुख अंशी देवी, राधा देवी और डीएम विनोद कुमार आदि मौजूद थे।