गैरसैंण। गैरसैंण के मुख्य बाजार में लंबित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण की उम्मीदें जगी हैं। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने जिलाधिकारी चमोली को रामलीला मैदान के समीप पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। मुख्य बाजार में पार्किंग की समस्या गंभीर है। पहले रामलीला मैदान के पास पार्किंग प्रस्तावित थी जिसे बाद में कोलियाना स्थानांतरित किया गया। व्यापारियों ने कोलियाना स्थल का विरोध कर बाजार के नजदीक पार्किंग मांगी, दूर पार्किंग से व्यापार प्रभावित होता। ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यदर्शन सिंह बिष्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर रामलीला मैदान पर पार्किंग बनाने का अनुरोध किया। ऋतु खंडूड़ी भूषण ने 11 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी चमोली को पत्र जारी कर कोलियाना में पार्किंग को अव्यावहारिक बताया, त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सूर्यदर्शन सिंह बिष्ट ने आभार व्यक्त किया, कहा इससे व्यापारियों व पर्यटकों को लाभ होगा।
थराली सीएचसी में रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति
थराली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पांच दिनों से जारी धरने के बीच शुक्रवार को विधायक भूपाल राम टम्टा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीएचसी को जिला चिकित्सालय के रूप में संचालित करने का शासनादेश जारी हो चुका है। विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। अल्ट्रासाउंड मशीन भी शीघ्र स्थापित होगी।
अस्पताल में दस स्वीकृत चिकित्सकों में से छह कार्यरत हैं जबकि छह नर्सिंग अधिकारियों में से चार तैनात हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिलाधिकारी से दो अतिरिक्त चिकित्सकों व दो नर्सिंग अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने का आग्रह किया गया है। अगले दो दिनों में आदेश जारी होने और 10 से 15 दिनों में चिकित्सकों की नियुक्ति की संभावना है। बावजूद आंदोलनकारियों को धरना पांचवें दिन शनिवार को भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक अस्पताल में व्यवस्थाएं सुचारू नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा।