उर्गम घाटी के ग्राम पंचायत भेंटा में महिला मंगल दल की महिलाओं ने गांव में होने वाले सार्वजनिक कार्यों और गांव की सीमा के भीतर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले परिवार और संबंधित व्यक्ति पर अर्थदंड लगाने का निर्णय लिया।
अर्थदंड जमा न करने पर उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। कहा गया कि प्रत्येक माह ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में महिलाएं गांव में स्वच्छता और अन्य सामाजिक क्रिया-कलापों पर चर्चा करेंगी।
गांव में हुई ग्राम पंचायत की खुली बैठक में महिलाओं ने यह फैसला लिया। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने व पिलाने पर संबंधित व्यक्ति से पांच हजार और शराब पिलाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को चिह्नित कर उससे ढाई हजार रुपये अर्थदंड के रूप में वसूले जाएंगे।
ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह नेगी ने महिलाओं और ग्रामीणों को पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों में शराब के बढ़ते प्रचलन से युवा पीढ़ी पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने पारित शराब बंदी के प्रस्ताव को एसडीएम जोशीमठ शैलेंद्र नेगी को भी सौंपकर सहयोग की मांग की।
एसडीएम ने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर गोदांवरी देवी, नैन सिंह, विनीता पंवार, नारायण सिंह, पूरन सिंह, राजेश्वरी देवी और धीरज सिंह आदि मौजूद थे।