संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। उपजिला अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड सुचारु रूप से हो सकेंगे। बुधवार को यहां रेडियोलॉजिस्ट ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से कर्णप्रयाग के साथ ही नारायणबगड़, थराली, देवाल और गैरसैंण सहित पोखरी और नंदानगर के गांवों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे थे। वर्ष 2008 के बाद से केवल महिला रोग विशेषज्ञ ही गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करती थीं। ऐसे में अन्य रोगियों को अल्ट्रसाउंड के लिए रुद्रप्रयाग और श्रीनगर जाना पड़ता था। हालांकि वर्ष 2022 में भी यहां रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती हुई लेकिन संबंधित विशेषज्ञ ने यहां तैनाती नहीं दी। इसके बाद बीते माह अस्पताल में डाॅ. अंकुर रावत की बतौर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती हुई है। उन्होंने बुधवार को कार्यभार ग्रहण किया। अस्पताल के सीएमएस डाॅ. बीपी पुरोहित ने बताया कि तैनात रेडियोलॉजिस्ट ने बुधवार को ज्वाइन कर दिया है।
इंसेट
स्वास्थ्य निदेशक ने किया निरीक्षण
कर्णप्रयाग। बुधवार को चिकित्सा एवं परिवार कल्याण के स्वास्थ्य निदेशक डाॅ. सीपी त्रिपाठी ने उपजिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक ने अस्पताल में सीमित जगह और संसाधनों के बावजूद बेहतर उपचार के लिए अस्पताल प्रबंधन की सराहना की। साथ ही आयुष्मान सहित अन्य सरकारी योजनाओं का आम लोगों को लाभ देने की बात कही। इस दौरान सीएमएस डाॅ. बीपी पुरोहित आदि मौजूद थे। संवाद