Rajya Sabha MP Pradeep Tamta with teachers and students
- फोटो : amar ujala bureau
47 वर्ष बाद राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा जब जीआईसी जोशीमठ पहुंचे तो उन्हें अपने बचपन के दिन याद आ गए। वर्ष 1970 से 1974 तक राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने यहां आठवीं से 12वीं तक शिक्षा ग्रहण की थी। सोमवार को जब वे विद्यालय प्रांगण में पहुंचे तो विद्यालय प्रबंधन ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह में सांसद टम्टा ने कहा कि यहां पांच साल तक पढ़ाई की। अनुशासन का पाठ भी इसी विद्यालय से पढ़ा। आज भी यहां आकर वही अपनत्व मिल रहा है, जितना अध्ययन के समय मिलता था।
उन्होंने विद्यालय में ई-क्लास शुरू करने और कंप्यूटर खरीद के लिए विद्यालय प्रबंधन को सांसद निधि से पांच लाख देने की घोषणा की। स्कूल के सहपाठी लक्ष्मी लाल शाह भी सांसद से मिलने विद्यालय में पहुंचे। इस दौरान ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन का गठन भी किया गया। इसमें विद्यालयी शिक्षा यूपी के निदेशक आरके कुंवर, श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. यूएस रावत और आर्थोपेडिक सर्जन डा. जयंती नवानी को संचालक सदस्य बनाया गया है, जबकि उमेश सती को समन्वयक बनाया गया।
इस मौके पर राज्य सभा सांसद की पत्नी रेनू टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष रोहिणी रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत, प्रधानाचार्य ओपी चौबे, रमेश सती, रामेश्वर थपलियाल, उमेश सती और आलमी राम आदि मौजूद थे।