ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी शुक्रवार को ज्योतिर्मठ पहुंचे। उन्होंने भगवान बदरीनाथ के शीतकालीन पूजा स्थलों के दर्शन किए। रावल बदरीनाथ के कपाट खोलने की प्रक्रिया के तहत दो फरवरी को नरेंद्रनगर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए यहां पहुंचे हैं।
शुक्रवार को रावल अमरनाथ नंबूदरी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचे। भगवान नृसिंह के दर्शन करने के बाद वह पांडुकेश्वर पहुंचे। यहां पर कुबेर देवरा समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने योग बदरी में उद्धव और कुबेर मंदिर में दर्शन किए। दो फरवरी को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर राजदरबार में बदरीनाथ के कपाट खुलने की तिथि घोषित होगी, उस धार्मिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए रावल यहां पहुंचे हैं। संवाद