लॉकडाउन के कारण वाहन नहीं चलने के कारण देवाल क्षेत्र के गांवों में मार्च माह का सरकारी राशन नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं कई क्षेत्रों में राशन का संकट भी होने लगा है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द राशन उपलब्ध कराने की मांग की।
देवाल ब्लॉक के खेता, मानमती, मिलखेत, नलधूरा, मुंदोली, बेराधार, अठूठ सहित कई गांवों में मार्च महीने का राशन नहीं पहुंच पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों की दुकानों में सामान समाप्त होने से सभी लोग राशन के लिए देवाल बाजार पर निर्भर हो गए हैं। लोगों को सब्जी सहित कई जरूरी सामान नहीं मिल पा रहा है। वहीं मुंदोली, नंदकेशरी, ल्वाणी, बोरागाड़, खेता, मेलखेत, हरिपुर, कांडेई आदि गांवों में रसोई गैस सिलिंडर की सप्लाई न होने से लोग परेशान रहे। कुंवर सिंह, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह ने गांव में जरूरी सामान की आपूर्ति की मांग की।
वहीं गैरसैंण के घंडियाल गांव के प्रधान बलवंत सिंह ने कहा कि गांवों में लोगों के घरों में राशन समाप्त हो गया है। उन्होंने गांव में राशन पहुंचाने की मांग की। दूरस्थ गांवों की समस्या को देखते हुए कर्णप्रयाग व्यापार संघ अध्यक्ष बृजेश बिष्ट ने तहसीलदार से ग्रामीण क्षेत्रों में राशन के ट्रक पहुंचाने की मांग की। खाद्यान्न विभाग के सहायक निरीक्षक मुकेश सिंह नेगी ने बताया कि मार्च माह का राशन गोदाम में पहुंच गया है, लेकिन गाड़ियां उपलब्ध न होने से डीलरों तक राशन नहीं पहुंच पाया है। दो दिन में राशन पहुंचा दिया जाएगा। गैरसैंण एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि आपूर्ति विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में राशन पहुंचाने के आदेश दे दिए हैं। खाद्यान्न सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
अधिकांश दुकानों पर आटा चावल खत्म
गोपेश्वर। प्रशासन बार-बार कह रहा है कि जरूरत के सामान की कमी नहीं होगी, लेकिन ज्यादातर लोगों में आगामी दिनों को लेकर आशंका बनी है। इस कारण लोग जरूरत से ज्यादा सामान घर में स्टॉक कर रहे हैं। ऐसे में गोपेश्वर में कई दुकानों में आटा, चावल ही खत्म हो गया है, जबकि कुछ दुकानों में सीमित स्टॉक ही बचा है। उपभोक्ता विमल ने बताया कि सुबह राशन की दुकानों से आटा, चावल लेने गया लेकिन कई दुकानों पर नहीं मिला। वहीं सब्जी और रसोई गैस सिलिंडर भरवाने के लिए लोगों की लाइन ज्यादा लंबी रही।
चंबा और नागणी बाजार में आटे की किल्लत
चंबा (टिहरी)। लॉकडाउन के चौथे दिन ही कई दुकानों पर खाद्यान्न की किल्लत होने लगी है। बृहस्पतिवार को चंबा और नागणी क्षेत्र में कई लोगों को आटा नहीं मिल पाया और लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। राजेश्वर बड़ोनी ने बताया कि बाजार में आटा लेने गए थे, लेकिन दुकानदार ने आटा खत्म होने की बात कही। नगर में लोगों को दस बजे के बाद रसोई गैस नहीं मिल पा रही है। विजय जड़धारी ने बताया कि नागणी बाजार में लोगों को आटा नहीं मिल पा रहा है। जड़धार गांव में भी दुकानदारों के पास आटा सीमित मात्रा में ही है। दुकानदारों ने जब ऋषिकेश के थोक व्यापारी से आटे की डिमांड की तो, उन्हें फिलहाल गोदाम में आटे का स्टॉक न होने की बात कही गई। उन्होंने जिला प्रशासन से क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की। इस बाबत डीएसओ मुकेशपाल ने कहा कि मामले क पूरी जानकारी ली जाएगी। हालांकि अब दिनभर आटा चक्की खुली रहेगी। संबंधित एजेंसियों को रसोई गैस वितरण को कहा जाएगा। संवाद