नीती घाटी में निवास करने वाले भोटिया जनजाति के परिवारों ने अपने ग्रीष्मकालीन प्रवास पर लौटने से पहले घाटी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा जनजाति मोर्चे के जिलाध्यक्ष पुष्कर सिंह राणा ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि आगामी 15 मई तक नीती घाटी के ग्राम पंचायत नीती, गमशाली, बांपा, फरकिया, मलारी, द्रोणागिरी, कागा-गरपक, महरगांव, जेलम, जुम्मा और कोषा गांव के ग्रामीण अपने ग्रीष्मकालीन प्रवास स्थलों में पहुंच जाएंगे।
मलारी हाईवे पर अभी भी कई फीट तक बर्फ जमी है, क्षेत्र में संचार और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। जिसे देखते हुए जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक कर नीती घाटी में सुविधाएं जुटाने पर चर्चा हो। उन्होंने 10 मई तक घाटी में सुविधाएं जुटाने की मांग उठाई है।