कहा, बीआरओ ने सड़क किनारे नहीं बनाई है नाली
थानाध्यक्ष और बीआरओ के अधिकारी पहुंचे मौके पर
संवाद न्यूज एजेंसी
थराली। रविवार दोपहर को हुई तेज बारिश से कुलसारी बाजार के पास चार से अधिक आवासीय घरों में बारिश का पानी घुस गया। इससे नाराज लोगों ने बारिश बंद होने के बाद सड़क पर प्रदर्शन किया। कहा कि बीआरओ की ओर से सड़क किनारे निकासी के लिए नाली नहीं बनाई गई है जिससे सड़कों पर जमा पानी घरों में घुस रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष और बीआरओ के अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता की जिसके बाद मामला शांत हुआ।
रविवार दोपहर को यहां तेज बारिश हुई जिससे मोहन राम, भवानी राम, संतोष राम और रमेश राम के घर में कुलसारी बाजार व सड़क का पानी घुस गया। सिमली-ग्वालदम हाईवे पर कुलसारी पुल के समीप पानी का तालाब बन गया जिससे वाहन गुजरने पर पानी सीधे घरों में जा रहा था। इससे परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। प्रभावितों ने कहा कि बारिश में सड़क पर घर के समीप पानी का तालाब बन जाता है और घरों में पानी घुस जाता है। सामाजिक कार्यकर्ता कपूर सिंह ने कहा कि पूर्व में भी सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन की सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। वहीं बीआरओ के अभियंता आनंद जांबूलकर ने जेसीबी लगाकर सड़क से जमा पानी हटवाया। इस दौरान मोहन राम, बादरी राम, दरबान सिंह नेगी, सुनीता देवी सहित कुलसारी के लोग मौजूद रहे।
दस दिनों से अनियमित है बिजली आपूर्ति
गैरसैंण। नगर क्षेत्र में बीते दस दिनों से बिजली आपूर्ति अनियमित बनी है। बार-बार गुल हो रही बिजली से लोग और व्यापारी परेशान हैं। पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख अवतार नेगी व प्रेम संगेला ने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान बिजली सप्लाई सुचारु की जानी चाहिए लेकिन इसके उलट दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है। वहीं ऊर्जा निगम के अभियंता यशवंत कर्णवाल ने कहा कि बिजली लाइनों की मरम्मत का काम चल रहा है जिससे दिक्कतें हुई हैं। जल्द काम पूरा कर बिजली आपूर्ति नियमित कर दी जाएगी। संवाद