कर्णप्रयाग। तहसील जिलासू के अंतर्गत सेमी गांव के जंगलों में लगी आग बारिश से बुझ गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण वन कर्मियों ने राहत की सांस ली। मंगलवार दोपहर को सेमी गांव के ऊपर जंगलों में अचानक से आग लग गई थी जो देर रात तक धधक रही थी। करीब 10 घंटों तक लगातार आग लगने से कई हेक्टेयर वन संपदा जल गई थी। ऐसे में बारिश जंगल के लिए वरदान साबित हुई। संवाद
नाली बंद होने से दुकानों में घुस रहा पानी
कर्णप्रयाग। नगर पालिका के अंतर्गत सिमली रोड पर पार्किंग से मुख्य बाजार तक नाली बंद होने से बरसाती पानी दुकानों में घुस रहा है। व्यापारियों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द नाली निर्माण की मांग की। व्यापार संघ अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मिंगवाल, राकेश सिंह कोटियाल, हसन दीन, सत्यम आदि ने कहा कि नाली बंद होने से बरसात का पूरा पानी दुकानों में घुस रहा है जिससे व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका से जल्द नाली निर्माण की मांग की। संवाद
भंगजीरा, तेजपत्ता उगाने के लिए किया प्रेरित
कर्णप्रयाग। रीप के सहयोग से एमसीएफ एंजेसी ने चूला और सिरोली गांव का भ्रमण किया। एमसीएफ के शिवधर पांडे और अरविंद त्यागी ने इन गांवों में भंगजीरा और तेज पत्ता उगाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से खेती कर इसके अच्छे उत्पादन के बारे में बताया। रीप के एलसी ताजवर फर्स्वाण ने बताया कि भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को इनके पोषण, बाजार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इनकी खेती कर अच्छी आमदनी कर सकते हैं। संवाद