ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित गांव के ग्रामीणों और प्रशासन के बीच वार्ता के बाद सिवाई में काम शुरू हो गया है। सिवाई सहित अन्य गांवों के प्रभावित काश्तकार मुआवजे की राशि बढ़ाने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। गुस्साए लोगों ने दो दिनों तक सिवाई में रेल परियोजना का काम भी नहीं होने दिया था। प्रशासनिक अधिकारियों के मनाने के बाद भी ग्रामीण अपनी मांग पर दो दिनों तक डटे रहे। सोमवार को एसडीएम कौस्तुभ मिश्र और पटवारी राजेश सिंह के साथ ग्रामीणों की वार्ता हुई। वार्ता में 22 तारीख को फिर ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुने जाने का निर्णय लिया गया। इस पर ग्रामीण मान गए और काम होने दिया। इस मौके पर रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।