कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल लाइन के लिए ग्रामीणों की भूमि ली गई है। अब इन गांवों और रेल लाइन से सटे गांवों के किसानों को मशरूम और मधुमक्खी पालन के गुर सिखाए जा रहे हैं। रेलवे विकास निगम की मदद से एटीआई (एप्रीप्रियेट टेक्नोलॉजी इंडिया) स्वयंसेवी संस्था दो ब्लॉकों के पांच गांवों के 100 किसानों को प्रशिक्षण दे रही है।
कर्णप्रयाग विकासखंड के कमेड़ा, भटनगर और कालेश्वर गांव रेल लाइन समीप हैं। इन गांवों के किसानों ने अपनी भूमि रेल लाइन के लिए दी है जबकि पोखरी के रानों और सिवाई गांव भी रेल लाइन प्रभावित गांव हैं। इन पांच गांवों में रेलवे विकास निगम की मदद से संस्था स्वरोजगार के गुर किसानों को सिखा रही है।
कमेड़ा के किसान राकेश कंडवाल ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद अब मशरूम की फसल तैयार होने लगी है। बाजार में महंगे दामों पर बिकने वाले मशरूम के उत्पादन से किसान खुश हैं। वहीं कमेड़ा और रानों में मधुमक्खी पालन के लिए 100 हनी बॉक्स दिए गए हैं। इन गांवों के लिए एटीआई ने एक मास्टर ट्रेनर भी तैनात किया है। संवाद
किसानों को दिए हीटर और स्प्रे
कर्णप्रयाग। एटीआई संस्था के लक्ष्मण राणा ने बताया कि कमेड़ा में 20, भटनगर में 10, रानों में 20, सिवाई में 20 और कालेश्वर के एक गांव में 16 और दूसरे गांव में 14 किसान मशरूम का उत्पादन कर रहे हैं। एक किसान को 50 बैग मशरूम के बीजों के दिए गए हैं। एक बैग में तीन बार की फसल निकालने पर करीब 5 से 6 किलो मशरूम तैयार होती है। फसलें तापमान से खराब न हो इसके लिए इन दिनों प्रत्येक किसान को हीटर और स्प्रे पंप दिया जा रहा है जिससे फसलों में दवाओं का छिड़काव किया जा सके। संवाद