कर्णप्रयाग। नगर के आपदा प्रभावित बहुगुणा नगर और सुभाषनगर के प्रभावितों ने नगर कांग्रेस कमेटी के सहयोग से मुख्य बाजार में धरना दिया। प्रभावित परिवारों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल्द प्रभावितों को ज्योतिर्मठ की तर्ज पर मुआवजा देने और विस्थापन की मांग की।
मुख्य बाजार में आयोजित धरने पर बैठे प्रभावित हरिराम ने कहा कि लगभग दो साल से अधिक समय से लगातार भू-धंसाव हो रहा है। कई बार टीम यहां का निरीक्षण कर चुकी है लेकिन आज तक कोई भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पाई है। वहीं प्रभावित सभासद कमला रतूड़ी ने कहा कि बरसात में लोग रतजगा करने के लिए मजबूर हैं। नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को ज्योतिर्मठ की तर्ज पर मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, रामदयाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला, अंशी देवी, सभासद रीना रावत, पुष्कर रावत, उमा जोशी और सरला खंडूड़ी आदि मौजूद रहे। संवाद