कर्णप्रयाग। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की चमोली जिला इकाई ने टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। मांगों के संबंध में संघ अब 10 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
संघ के जिला मंत्री मुकेश नेगी ने बताया कि 10 जुलाई को ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 17 जुलाई को सभी जनपद मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन होगा। 20 जुलाई तक प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पोस्टकार्ड भेजने का अभियान चलेगा। संसद सत्र के दौरान अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के केंद्रीय कार्यक्रमों में उत्तराखंड की इकाइयां भाग लेंगी। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून सत्र तक मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो सत्र खत्म होने के अगले दिन से शिक्षक एक सप्ताह तक काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। संवाद