छात्रों की पढ़ाई प्रभावित, हाईस्कूल के शिक्षकों के भरोसे चल रही इंटर की कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
आदिबदरी। शासन ने हाईस्कूल विजयसैंण और पिंडवाली को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत तो कर दिया लेकिन डेढ़ माह बाद भी यहां किसी विषय के प्रवक्ता की नियुक्ति नहीं हो सकी है। शिक्षकों के अभाव में कक्षा 11 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
गत एक अक्तूबर को जीआईसी कांसुवा से टीसी कटाकर 29 छात्रों ने जीआईसी विजयसैंण और देवलकोट से 19 छात्रों ने जीआईसी पिंडवाली में प्रवेश लिया था। मगर यहां अभी तक प्रवक्ताओं की नियुक्ति नहीं हो पाई है। वर्तमान में हाईस्कूल के शिक्षकों के सहारे ही इंटर की कक्षाएं चलाई जा रही हैं जिससे दोनों वर्गों की पढ़ाई बाधित हो रही है। जीआईसी विजयसैंण के पीटीए अध्यक्ष दीपक मालगुडी ने कहा कि उच्चीकरण के साथ शिक्षकों की नियुक्ति भी होनी चाहिए थी। वहीं कनिष्ठ उपप्रमुख व पिंडवाली निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात की और आश्वासन भी मिला लेकिन नियुक्ति होने तक अभिभावकों की चिंता बनी हुई है। विधायक अनिल नौटियाल का कहना है कि उच्चीकृत हुए सभी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के प्रयास विभागीय स्तर पर किए जा रहे हैं। जल्द प्रवक्ताओं की तैनाती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।