देवाल/आदिबदरी/कर्णप्रयाग। समान कार्य के लिए समान वेतन देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीण डाक कर्मी हड़ताल पर डटे हैं। वहीं डाक कर्मियों की हड़ताल से गांव की डाक व्यवस्था चरमरा गई है। ब्लॉक के अंतर्गत 18 ब्रांच पोस्ट ऑफिस हैं। पोस्ट ऑफिस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लेन-देन, धनराशि निकालने आदि का काम नहीं हो पा रहा है।
डाक सेवक संघ के भरत सिंह, राजेंद्र सिंह, रघवुीर सिंह, गोपाल दत्त, आनंद सिंह सहित सभी कर्मी हड़ताल पर रहे। देवाल के पोस्ट मास्टर प्रशांत ने बताया कि डाक सेवकों के हड़ताल से डाक ब्रांच पोस्ट ऑफिस तक नहीं पहुंच रही है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने आदिबदरी से पीपलचट्टी तक जुलूस निकाला। वहीं, डाक कर्मियों की हड़ताल से कर्णप्रयाग, गैरसैंण, मेहलचौंरी, लंगासू, थराली, नारायणबगड़ के ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की आरडी की धनराशि जमा नहीं हो पा रही है।
नई टिहरी। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को भी कर्मियों ने डाक अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना देते हुए मांगे पूरी न होने पर आक्रोश जताया। इस मौके पर मंडलीय अध्यक्ष राम किशोर बिष्ट, सचिव राजपाल नेगी, बिजेंद्र राणा, चंद्रकिशोर सजवाण, दिनेश प्रकाश, धर्म सिंह भंडारी, इंद्रदत्त, अजय सकलानी, मुन्नी तोपवाल, विनयलक्ष्मी रजवाड़ आदि मौजूद थे।