बदरीनाथ। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षित व सुगम आवागमन के लिए यातायात पुलिस ने माणा पार्किंग में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने बस व टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात व अन्य नियमों के बारे में जानकारी दी।
यातायात निरीक्षक ने कहा कि यात्रा के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है, ऐसे में वाहन चालक की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। चालक को नियंत्रित गति सीमा का पालन करने, ओवर लोडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, नशे में वाहन न चलाने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। कहा कि पहाड़ी मार्गों पर थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके अलावा परिवहन से जुड़े अन्य नियमों की भी जानकारी दी गई। कहा कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। समय पर दी गई मदद से किसी की जान बचाई जा सकती है। इस दौरान अपर उपनिरीक्षक मुकेश भी मौजूद रहे। संवाद