गोशाला में नाबालिग का शव मिलने का मामला
परिजन पहले बोले, मवेशियों ने मारा, अब खुद शव उतराने की बात कह रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पोखरी के एक गांव की नाबालिग की मौत की गुत्थी अभी तक पहेली बनी हुई है। मामले में हर दिन नया मोड आता जा रहा है। अब पुलिस को परिजनों ने बताया है कि उन्हें बेटी का शव गोशाला में फंदे से लटका मिला था। डर के कारण उन्होंने शव खुद ही नीचे उतार दिया था। पहले मामला ऑनर किलिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा था। मगर अब पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। क्षेत्र के एक युवक को इस मामले में पुलिस गाजियाबाद से पकड़कर पूछताछ के लिए लेकर आई है।
ग्राम पंचायत कलसीर के डाडागैर में चार सितंबर को एक नाबालिग गोशाला में मृत मिली थी। उस वक्त परिजनों ने कहा था कि मवेशियों की ओर से मारने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोटना आया। एसपी सर्वेश पंवार ने पोखरी थानाध्यक्ष मनोज सिरोला और एक एसआई को निलंबित कर दिया और देवेंद्र पंत को थाने की जिम्मेदारी दी गई। 22 सितंबर को अर्चना के पिता ने पुलिस में तहरीर दी तो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस इस मामले की नए सिरे से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इस कारण नाबालिग के संपर्क में रहने वाले क्षेत्र के ही एक युवक को जो गाजियाबाद में नौकरी करता है उसे पकड़कर पोखरी थाने लाया गया है। वहीं अब मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि उसका शव गोशाला में फंदे से लटका मिला था। डर के कारण उसने यह बात परिजनों के अलावा किसी को नहीं बताई। पोखरी थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत का कहना है कि नाबालिग की मौत के मामले में जांच जारी है। मृतका की बड़ी बहन के बयान के बाद मामला उलझा गया है। मामले में जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।