एक सप्ताह से बंद पड़ी पोखरी की पेयजल लाइन पर आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। जल संस्थान ने सोमवार को दावा किया था कि लाइन को ठीक कर दिया गया है, लेकिन मंगलवार तक नलों में पानी नहीं आया। जनप्रतिनिधियों ने तहसील प्रशासन से पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की।
पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की पाइप लाइन करीब एक सप्ताह पहले भारी बारिश के चलते टूट गई थी। तब से पोखरी बाजार में पानी की समस्या बनी है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रकाश सेमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी, कुंवर सिंह खत्री, जिला संगठन मंत्री कुंवर सिंह चौधरी, महामंत्री विक्रम नेगी, रमेश बर्तवाल, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश चौधरी आदि ने कहा कि लोग पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर हैं। जिसमें समय भी बर्बाद हो रहा है। उधर जल संस्थान के अवर अभियंता योगेंद्र ढौंडियाल का कहना है कि कलसीर में क्षतिग्रस्त लाइन को जोड़ दिया गया है, लेकिन कहीं दूसरी जगह फाल्ट आया हुआ है, जिसे ढूंढा जा रहा है।