तहसील कर्णप्रयाग के नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर जल भराव हो रहा है। इससे पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
कर्णप्रयाग में रानीखेत रोड पर सुभाषनगर तिराहे के पास कई दिनों से पानी का तालाब बना है। व्यापार संघ महामंत्री उमेश खंडूड़ी, जितेंद्र, शिव प्रसाद, हिमांशु, दिनेश थपलियाल, आलम पंवार, वीरेंद्र और दिनेश आदि ने बताया कि पंचपुलिया, प्रेमनगर, गांधीनगर, गलनाऊं में भी सड़क पर कई जगहों पर गड्ढे बने हैं और कीचड़ जमा हो रखा है। साथ ही सिमली, लंगासू, बगोली, नलगांव आदि कस्बों में सड़क किनारे नाली नहीं होने से बरसात का पानी और कीचड़ सड़क पर फैल रहा है। कैलाश खंडूड़ी, रमेश सती, उमेश, महावीर आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर सड़कों के गड्ढे भरने, बंद नालियों को खोलने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की। एसडीएम देवानंद शर्मा ने कहा कि लोनिवि को सड़क दुरुस्त करने के लिए कह दिया गया है।
प्रवेश द्वार पर भी बना दी वाहनों की पार्किंग
कर्णप्रयाग। नगर के कर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार, पैट्रोल पंप से मुख्य बाजार तक नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से तीर्थयात्रियों, स्कूली बच्चों और मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों ने नगर के मंदिरों के प्रवेश द्वार पर भी वाहनों की पार्किंग बना दी है, जिससे चारधाम आने वाले तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं को कर्ण मंदिर में दर्शनों के लिए जाने में दिक्कतें हो रही हैं।