भगवान बदरीनाथ के दर्शनों को सिंह द्वार पर लगी तीर्थयात्रियों की लाइन। धाम परिसर में उमड़े तीर्थयात्री।
- फोटो : Amar Ujala
बदरीनाथ धाम में दूसरे दिन भी तीर्थयात्रियों में गजब का उत्साह दिखा। बृहस्पतिवार को भी तीर्थयात्री सुबह चार बजे से ही बदरीनाथ के दर्शनों के लिए लाइन में खड़े हो गए। करीब तीन हजार तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव की पुत्री कविता राव ने भी अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ बदरीनाथ धाम में मत्था टेका। बदरीनाथ धाम का प्राकृतिक सौंदर्य तीर्थयात्रियों को भा रहा है। महाराष्ट्र के जमुना प्रसाद और मुकुंदी राम का कहना है कि बदरीनाथ के दर्शन करने के बाद माणा गांव के सैर-सपाटे पर गए। वहां उन्होंने सरस्वती नदी, भीम पुल, व्यास गुफा और शेष नाग के दर्शन भी किए।
बदरीनाथ में हुई हल्की बारिश, ठंड बढ़ी
जोशीमठ। बृहस्पतिवार को शाम चार बजे बाद बदरीनाथ धाम में बारिश शुरू हो गई, जिससे ठंड बढ़ गई है। सुबह से धाम में मौसम सुहावना बना था। चटख धूप खिली रही। अपराह्न तीन बजे बाद अचानक आसमान में बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई। तीर्थयात्रियों ने बारिश के बीच ही बदरीनाथ के दर्शन किए।