कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे पर घटगाड़ गदेरे के पास सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े करने और तंग पुलिया के कारण बार-बार जाम लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई बरातें भी जाम में फंसी रहीं। पिंडरघाटी व गैरसैंण की तरफ से कर्णप्रयाग अस्पताल में इलाज कराने के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खोला, लेकिन दिनभर यहां बार-बार वाहनों का जाम लगता रहा।
सांकरी वार्ड में घटगाड़ पुल के पास कई वाहन आड़े तिरछे खड़े हो गए। इस दौरान सिमली व कर्णप्रयाग की ओर से बरात की गाड़ियां, बड़े ट्रक व अन्य वाहन एक साथ इसी सड़क पर आ गए, जिससे सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक बार-बार जाम लगता रहा। बस स्टेशन से जखेड़ गदेरे तक करीब डेढ़ किमी का जाम लगता रहा। बीरेंद्र, रमेश, महेश, जयबीर, गणेश आदि कहना है कि नगर में ट्रैफिक व्यवस्था का ठीक ढंग से संचालन नहीं होने से लोग परेशान हैं। कर्णप्रयाग के एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सड़क किनारे आड़े-तिरछे वाहन खड़े करने वालों का चालान किया जा रहा है।