जोशीमठ के रविग्राम में खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए चल रहा क्षेत्रीय जनता का आंदोलन रंग लाया है। क्षेत्रीय जनता और बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट के दबाव के बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इसका संज्ञान लेते हुए चमोली जिला प्रशासन को मामले में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर जिला प्रशासन ने रविग्राम की भूमि को खेल विभाग को हस्तांतरित करने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग से अनापत्ति पत्र मांगा है।
रविग्राम में हेलीपैड निर्माण के विरोध में एक पखवाड़े से क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि आंदोलनरत थे। इस संबंध में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जनभावना के अनुरूप रविग्राम में हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव रद्द कर खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग की थी। अब मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सचिव नागरिक उड्डयन से रविग्राम में स्थित भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित करने के लिए अनापत्ति पत्र देने और सचिव खेल विभाग को भूमि की मांग के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
ये है मामला
रविग्राम में खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग क्षेत्रीय जनता लंबे समय से कर रही है, लेकिन यह भूमि मौजूदा समय में उड्डयन विभाग के नाम दर्ज है। इस भूमि को हस्तांतरण के लिए उड्डयन विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र देना जरूरी है। अब मुख्यमंत्री ने स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप कर चमोली जिला प्रशासन को भूमि को खेल विभाग के नाम दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। इस भूमि को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज होना है। संवाद