डीएम को ज्ञापन भेजकर बिलों का निर्धारण करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। नगर में पेयजल बिलों में की गई बढ़ोतरी पर व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर भवनों में होने वाली पेयजल आपूर्ति का आकलन कर बिलों का निर्धारण करने की मांग की। साथ ही 15 दिनों में उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र राणा, अधिवक्ता श्रवण सती, इंद्रप्रकाश रड़वाल, संतोष चौधरी, दीपक चौधरी और महिधर पंत आदि ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र पोखरी में पानी के बिलों में भारी बढ़ोतरी की गई है। बड़े और छोटे भवन स्वामियों को एक समान राशि के बिल भेजे जा रहे हैं। इस अनियमितता के कारण लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। डीएम को भेजे ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि अप्रैल 2023 में चार माह का पानी का बिल 706 रुपये आया था जो 2024 के अप्रैल माह में बढ़कर 1426 रुपये आने लगा। अब 1586 रुपये का बिल थमाया गया है। पेयजल बिलों में इतनी बढ़ोतरी से लोगों में आक्रोश है। व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र राणा, अधिवक्ता श्रवण सती, इंद्रप्रकाश रड़वाल, संतोष चौधरी, दीपक चौधरी और महिधर पंत आदि शामिल रहे।