30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, कोषागार में दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स अब घर बैठे डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए जिले के कोषागार और उपकोषागारों में 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने और जमा करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्य कोषाधिकारी राजीव कांत ने बताया कि निदेशालय कोषागार, पेंशन एवं हकदारी उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कोषागार और उपकोषागारों में पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनर्स को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना और जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल व सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने जिले के सभी पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स से अभियान का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स नजदीकी कोषागार या उपकोषागार में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। संवाद